बीजिंग, 11 जुलाई (वार्ता) चीन ने नए अमेरिकी आयात शुल्क पर प्रतिक्रिया करते हुए आज कहा कि इनका इस्तेमाल दूसरे देशों पर दबाव बनाने, धमकाने, या उनके आंतरिक मामलों में दखल देने के हथियार के रूप में नहीं किया जाना चाहिए।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने एक नियमित संवाददाता सम्मेलन में यह प्रतिक्रिया जाहिर की । वह अमेरिका की उस घोषणा का जवाब दे रहे थे जिसमें अमेरिका ने कहा था कि अगर ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के खिलाफ मुकदमे खत्म नहीं किए तो वह एक अगस्त से ब्राजील के सामानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। बोल्सोनारो पर 2022 में सरकार को गिराने का प्रयास करने का आरोप है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ब्राजील पर “अनुचित” व्यापार करने का भी आरोप लगाते हुए कहा था कि वह अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि को ब्राजील के डिजिटल व्यापार को लेकर तथाकथित 301 जांच शुरू करने का आदेश देंगे। उन्होंने सभी ब्रिक्स (ब्राज़ील सहित) पर उनकी ‘अमेरिका-विरोधी’ नीतियों के लिए अतिरिक्त 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने की भी धमकी दी।
हालांकि, राष्ट्रपति लूला ने पलटवार किया और श्री ट्रम्प की धमकियों पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यह जानना होगा कि दुनिया बदल गई है और हमें कोई शासक नहीं चाहिए।
चीनी प्रवक्ता ने दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस के बाद कहा कि संप्रभुता, समानता और आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करना संयुक्त राष्ट्र चार्टर के महत्वपूर्ण सिद्धांत और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों को नियंत्रित करने वाले बुनियादी मापदंड हैं।
