
इंदौर. एरोड्रम थाना क्षेत्र के विजयश्री नगर में एक मकान मालिक द्वारा दर्जनों लोगों को बिना पहचान पत्र और पुलिस वेरिफिकेशन के किराये पर रखने को लेकर विवाद खड़ा हो गया. क्षेत्र के कुछ हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने इसे लेकर आपत्ति जताई और मौके पर पहुंचकर विरोध किया.
घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है, राजू नामक व्यक्ति ने अपने मकान में करीब 25 लोगों को किराये पर रखा है, जो मेट्रो स्टेशन निर्माण कार्य से जुड़े बताए जा रहे हैं. आरोप है कि न तो इनमें से किसी की पहचान पुलिस को दी गई है और न ही मकान मालिक ने किरायेदारों की आईडी ली है. जब यह बात हिन्दू संगठनों को पता चली तो उनके कार्यकर्ता मकान पर पहुंचे और राजू से जवाब मांगा. विरोध के बाद मामले की सूचना एरोड्रम पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने किरायेदारों को थाने बुलवाया और उनकी जांच-पड़ताल शुरू की. हिन्दू संगठन के प्रतिनिधियों ने थाना पहुंचकर मांग की कि क्षेत्र में बाहरी लोगों की बिना पहचान मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि मेट्रो स्टेशन निर्माण के नाम पर कई ऐसे लोग आकर रह रहे हैं, जिनके बारे में स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी नहीं है.फिलहाल पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी का कहना है कि मकान मालिक से जवाब लिया जा रहा है और यदि आवश्यक हुआ तो उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सभी किरायेदारों के दस्तावेजों की भी पुष्टि की जा रही है.
