
इटारसी। केसला खुर्द में पिता ने शराबी बेटे की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, केसला खुर्द गांव के पास शुक्रवार रात एक 26 साल के ड्राइवर का शव मिला था। मृतक की पहचान केसला खुर्द निवासी विजय यादव के रूप में हुई। पुलिस की जांच में पता चला कि शराबी बेटे से परेशान पिता ने ही डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
नशे में अक्सर परिवार से झगड़ा करता था ड्राइवर
घटना खापानाला की है। दरअसल, विजय यादव (27) शराब के नशे में अक्सर परिवार से झगड़ा करता था। घटना वाले दिन उसने मां से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर वह मां को जबरदस्ती रामपुर ले गया और उनके आधार कार्ड से पैसे निकलवाए। शराब पीकर घर लौटने पर उसने मां के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पिता ने बेटे की पीठ और पेट पर डंडे से किए वार
बेटे की हरकतों से नाराज पिता रघुवर यादव (50) ने डंडे से विजय की पीठ और पेट पर वार किए। गंभीर रूप से घायल विजय को सोमलवाड़ा रोड के किनारे अचेत अवस्था में पाया गया। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल इटारसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीएम रिपोर्ट में हुई गंभीर चोटों की पुष्टि
एसपी के आदेश पर मामले की जांच की गई। पीएम रिपोर्ट में मृतक की पीठ और पेट पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। पूछताछ में रघुवर यादव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल डंडा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर इटारसी न्यायालय भेज दिया है।
