
सुसनेर।प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी बोल बम कावड़ यात्रा संघ के तत्वावधान में ओंकारेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने हेतु कावड़ यात्रा निकाली जाएगी. इसको लेकर बुधवार रात को मेला ग्राउंड स्थित शीलता माता मंदिर में बोल बम कावड़ यात्रा संघ की बैठक आयोजित की गई. जिसमें तैयारियों को लेकर रूपरेखा तैयार की गई.
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार इस वर्ष सावन माह के दौरान 18 जुलाई को बोल बम के सभी कावडिय़े कंठाल नदी के तट पर स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में अलसुबह महारूद्राभिषेक करेंगे. उसके पश्चात क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं नगर में अच्छी वर्षा की कामना को लेकर अपनी कावड़ में कंठाल नदी का जल भरकर ओंकारेश्वर महादेव के लिए रवाना होंगे. इस दौरान सभी कावडिय़े नगर के सभी धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए शहर से रवाना होंगे. वे करीब 180 किलोमीटर की दूरी तय करके ओंकारेश्वर महादेव का जलाभिषेक करेंगे. इस यात्रा के दोरान सभी कावडिय़े बाबा बैजनाथ महादेव व उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग का भी जलाभिषेक करेंगे.
