
गुना । मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ 26 जून को अशोकनगर जिले में दर्ज हुई एफआईआर को कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी की तानाशाही और साजिश करार दिया है। इस घटना के विरोध में सोमवार को गुना में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ और बमोरी विधायक इंजी. ऋषि अग्रवाल ने पत्रकारों से बात की और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। दोनों नेताओं ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि आपकी सत्ता की हनक और दबाव की राजनीति ज्यादा दिन तक नहीं चलेगी। सच्चाई की जीत होगी और मध्यप्रदेश का लोकतंत्र इस राजिश को परास्त करेगा।
पीड़ितों को मिला नहीं न्याय, सवालों के घेरे में प्रशासन और पुलिस की भूमिका
बमौरी विधायक इंजी. ऋषि अग्रवाल ने बताया कि अशोकनगर जिले के मुंगावली थाना क्षेत्र में कुछ पीड़ितों के साथ गंभीर कृत्य सामने आया था। इन पीड़ितों ने सबसे पहले जनसुनवाई के दौरान अशोकनगर कलेक्ट्रेट में प्रशासन से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई थी। इस घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। लगभग 10 से 15 दिनों तक न्याय न मिलने पर पीड़ितों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से ओरछा में मुलाकात की और उन्हें आपबीती सुनाई, जिसमें मारपीट, बाइक छीनने और मल खिलाने की कोशिश जैसी जघन्य घटनाओं का जिक्र था। पीड़ितों को उम्मीद थी कि जिस तरह जीतू पटवारी पूरे प्रदेश में बेरोजगारों, शोषितों और वंचितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, उसी तरह उन्हें भी न्याय दिलाएंगे। पटवारी ने पीड़ितों से मिलने के बाद तुरंत अशोकनगर कलेक्टर से फोन पर बात की और उन्हें न्याय दिलाने का आग्रह किया। इसके बाद यह घटना पूरे मध्यप्रदेश में एक बड़ी खबर बन गई।
कितनी घटनाएं छिपाओगे?
कांग्रेस का आरोप है कि मध्यप्रदेश सरकार इस घटना को दबाने की कोशिश कर रही थी, और जब यह बात उजागर हुई तो 26 जून को जीतू पटवारी के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कर दी गई। ऋषि अग्रवाल ने भाजपा सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह लोकतंत्र को जकडने और शोषित, वंचितों के खिलाफ आवाज उठाने वालों की आवाज दबाने का प्रयास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इसके बावजूद रुकेगी नहीं और जहां भी अत्याचार होगा या बेरोजगारों की बात नहीं सुनी जाएगी, कांग्रेस मुखर होगी।
