नयी दिल्ली 28 जून (वार्ता) भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढाते हुए अंडमान और निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा ने शनिवार को गढ़वाल राइफल्स के 23वें कर्नल ऑफ द रेजिमेंट के रूप में पदभार संभाल लिया।
वह सेना उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि का स्थान लेंगे।
उत्तराखंड के लैंसडाउन में गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें औपचारिक रूप से बैटन सौंपा गया।
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने अपने कार्यकाल में अनुकरणीय नेतृत्व प्रदान किया और रेजिमेंटल मेल-भाव को मजबूत किया, तथा गढ़वाल राइफल्स को परिभाषित करने वाले पेशेवर मानदंडों और सौहार्द के उच्चतम मानकों को कायम रखा।
लेफ्टिनेंट जनरल राणा कुशल नेतृत्वकर्ता और सम्मानित अधिकारी हैं, जो अपने साथ परिचालन अनुभव और रणनीतिक कौशल की दक्षता लेकर आए हैं। पदभार ग्रहण करते हुए उन्होंने वीर गढ़वाली योद्धाओं के चरित्र, अनुशासन और सैन्य विरासत को आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई जो हमेशा राष्ट्र की सेवा में अडिग रहे हैं। उन्होंने
गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और रेजिमेंट के बहादुर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करते हुए युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
