
तेहरान,26 जून (वार्ता) ईरान में 13 जून से अब तक इजरायल के हवाई हमलों में कम से कम 627 लोग मारे गये हैं और 4,870 अन्य घायल हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क प्रमुख हुसैन करमनपुर ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजधानी तेहरान और पश्चिमी ईरान के करमनशाह में सबसे अधिक लोगों की मौत हुई है और लोग घायल हुए हैं। अन्य प्रभावित प्रांतों में खुज़ेस्तान, लोरेस्तान, इस्फ़हान, मरकज़ी, पूर्वी अज़रबैजान, हमेदान, ज़ांजन और गिलान शामिल हैं।
ईरान की समाचार एजेंसी ‘मेहर’ ने श्री करमनपुर के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया कि इजरायली हमलों में अबतक मारे गये लोगों में से 86.1 प्रतिशत की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि 13.9 प्रतिशत लोगों की मौत अस्पताल ले जाते समय या वहां पहुंचने के बाद हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक इजरायली हवाई हमलों में शीर्ष सैन्य कमांडर और परमाणु वैज्ञानिक मारे गए। इनमें ईरानी परमाणु वैज्ञानिक सेदिघी सबर भी शामिल हैं, जो सोमवार को देर रात ईरान-इजरायल युद्धविराम लागू होने से कुछ समय पहले इजरायली हमले में अपने परिवार के 11 सदस्यों के साथ मारे गए। यह हमला कैस्पियन सागर के पास उत्तरी ईरानी शहर अस्तानेह अशरफीह में हुआ।
