काबुल, 24 जून (वार्ता) अफगानिस्तान में पाकिस्तान और ईरान से सोमवार को एक ही दिन में लगभग 1,500 से अधिक अफगान शरणार्थी परिवारों की वापसी हुयी है।
अफगानिस्तान के सरकारी मीडिया बख्तर न्यूज ने मंगलवार को बताया कि कुल 1,469 अफगान शरणार्थी परिवार कईं क्रॉसिंग पॉइंट्स के माध्यम से लौटे। इनमें से अधिकांश कल ईरान से लौटे हैं। इन सभी परिवारों को क्रॉसिंग पॉइंट्स पर अफगान अधिकारियों से आवश्यक सहायता मिली है।
गौरतलब है कि 13 जून से ईरान पर इजरायली हमलों के बाद ईरान से अफगान शरणार्थियों की स्वेदश वापसी बढ़ गई है । पिछले सप्ताह अफगानिस्तान में प्रतिदिन 10,000 व्यक्तियों का प्रवेश दर्ज किया गया है। लगभग दो वर्षों में लगभग 20 लाख अफगानी शरणार्थी स्वदेश लौट आए हैं।
ईरान और पाकिस्तान ने बड़े पैमाने पर अफगानिस्तानी लोगों को स्वदेश भेजा है जिसके बाद से इन देशों से प्रतिदिन हज़ारों लोगों को अफ़गानिस्तान वापस भेजा जा रहा है। इसके साथ ही पाकिस्तानी अथवा ईरानी नागरिकता एवं वर्क परमिट वाले अफगानियों को भी जबरन निर्वासित किया जा रहा है। तालिबान सरकार ने ईरान और पाकिस्तान दोनों के साथ इस मुद्दे को उठाया है और अफ़गान नागरिकों की वापसी में नरमी बरतने तथा अधिकारियों को उनके साथ कठाेरता से पेश नहीं आने का आग्रह किया है।

