भोपाल, 23 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में आज भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उनके प्रतिमा पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऐसे महानायक थे जो आजादी के पहले और बाद की विभीषिका को भांप लिया था। उन्होंने आजादी से पहले अंर्ग्रेजों के बंगभंग करने की साजिश को भांपकर आंदोलन चला दिया था।उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन हमें संदेश देता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है। उन्होंने अपने जीवन की आहुति देकर देश की एकता और अखंडता की रक्षा की। ऐसे राष्ट्रनायक का स्मरण करना मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्रीय चरित्र को सशक्त करने का माध्यम है। डॉ. मुखर्जी ऐसे महानायक थे जो आजादी के पहले और बाद की विभीषिका को भांप लिया था। आजादी के बाद कश्मीर समस्या को भांपकर पूरे देश को आंदोनल किया और जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने बलिदान दे दिया। उन्होंने हमारे मोर मुकुट कश्मीर में “दो विधान, दो निशान, दो प्रधान का विरोध किया। जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने के डॉ. मुखर्जी के सकल्प को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साकार किया है। आजादी के तुरंत बाद ही जम्मू-कश्मीर की समस्या को भांप लेना और उसके समाधान के लिए मंत्री पद त्याग कर जनसंघ की स्थापना कर आंदोलन करना यह कार्य डॉ. मुखर्जी जैसे देश के सच्चे वीर सपूत और महानायक ही कर सकते हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की संदिग्ध मौत का जिम्मेदार कौन है, इसका आज तक पता नहीं चला है। डॉ. मुखर्जी के बलिदान से भाजपा विश्व की सबसे बडी पार्टी बनी है, और भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके बताये मार्ग पर चलकर कार्य करना है। मैं अपनी ओर से डॉ. मुखर्जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी भारतीय इतिहास की एक ऐसी महान विभूति थे, जिनका जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और दृढ़ संकल्प का प्रतीक रहा है। वे केवल एक राजनीतिज्ञ ही नहीं, बल्कि एक विचारक, शिक्षाविद् और देशभक्त भी थे, जिनके संकल्प आज भी हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। आज ऐसे सपूत को श्रद्धांजलि देने हम यहां एकत्रित हुए हैं जिनके संकल्प से कश्मीर से धारा-370 हटी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धारा 370 हटाकर पार्टी के सकल्पों को पूरा किया है। डॉ. मुखर्जी का जीवन हमें संदेश देता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है। उन्होंने ही भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी, वही जनसंघ आज विश्व के सबसे बड़े व सर्वव्यापी राजनैतिक दल भाजपा के रूप में आप सबके सामने है।
इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, महापौर श्रीमती मालती राय, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

