सीहोर। समीपस्थ ग्राम पाटनी में बीती देर रात दो दो सगे भाईयों के घरों में लगी आग में गृहस्थी का पूरा सामान स्वाहा हो गया. आगजनी में हुए लाखों रुपए के नुकसान को देखते हुए ग्रामीण आगे आए और कुछ ही घटों में ग्रामीणों ने 16 हजार रुपए से अधिक रुपए एकत्रित कर अग्रिपीडि़त परिवार को सौंपते हुए उनके घावों पर कुछ हद तक मरहम लगाने का कार्य किया.
जानकारी के अनुसार समीपस्थ ग्राम पाटनी में बीती रात लगभग तीन बजे ग्रामीण इरफान और उसके भाई इकबाल के घर में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई. अगजनी की सूचना मिलने पर पहुंचे ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि पांच लाख रुपए नगदी सहित लाखों रुपए का लहसुन, फ्रिज, कूलर व गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया. इतना ही नहीं आगजनी में चार किलो चांदी और लगभग छह तोला सोने के जेवरात भी पिघलकर स्वाहा हो गए.
बताया जाता है कि ग्रामीणों ने इसकी जानकारी क्षेत्र के समाजसेवी एमएस मेवाड़ा को दी. श्री मेवाड़ा रात में ही गांव पहुंचे और ग्रामीणों से अग्रिपीडि़त परिवार की मदद करने का आग्रह किया. ग्रामीणों ने अपने स्तर से परिवार की मदद करने के लिए कुछ ही देर में 16 हजार 10 रुपए एकत्रित कर परिजनों को सौंपी. ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि आगजनी में हुए लाखों रुपए के नुकसान को देखते हुए पीडि़त परिवार को मुआवजा प्रदान किया जाए.
