
ब्यावरा। हाईवे स्थित पचोर रोड पर करनवास थानांतर्गत ग्राम भाटखेड़ी के समीप गुरुवार की प्रात: हुए एक दर्दनाक हादसे में कार में सवार मां-बेटे सहित चार लोगों की मौत हो गई. जबकि कार में सवार तीन अन्य घायल हो गये. कार में सवार लोग अयोध्या से दर्शन कर गुजरात लौट रहे थे.
भाटखेड़ी के यहां कार एकाएक डिवाइडर से जा टकराई. हादसे में कार में सवार अनमोल दुबे उम्र 16 वर्ष एवं प्रियांशु पांडे 11 वर्ष ने गंभीर चोट के चलते मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि प्रमिला पांडे उम्र 55 वर्ष एवं शिवदेवी तिवारी उम्र 45 वर्ष का निधन शाजापुर में उपचार के दौरान हो गया.
पुष्टम दुबे उम्र 50 वर्ष, अंशिका दुबे 14 वर्षतथा भोलेनाथ दुबे घायल हो गये. कार में सवार लोग मूलत: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के दुबेपुरवा भवानीपुर मोजा के रहने वाले है जो कि सूरत में काम करते है. परिजन शादी समारोह में शामिल होने उत्तर प्रदेश अपने गांव गया हुए थे. वहां से लौटते हुए अयोध्या दर्शन कर सूरत जा रहे थे.
