देहरादून 15 जून (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हाल में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए इसके लिए सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाने के निर्देश दिए।
श्री धामी ने कहा कि प्रदेश में हेलीकाप्टर सेवाओं के संचालन के लिए सख्त एसओपी तैयार की जाए जिसमें हेलीकॉप्टर की तकनीकी स्थिति की पूर्ण जांच और उड़ान से पूर्व मौसम की सटीक जानकारी लेना अनिवार्य किया जाए। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देशित किया है कि तकनीकी विशेषज्ञों की एक समिति का गठन किया जाए जो हेलीकाप्टर संचालन की सभी तकनीकी एवं सुरक्षा पहलुओं की गहन समीक्षा कर एसओपी तैयार करेगी। यह समिति यह सुनिश्चित करेगी कि हेलीकाप्टर सेवाओं का संचालन पूरी तरह से सुरक्षित, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुसार हो।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि राज्य में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं की जांच के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति पूर्व में हुई हेलीकाप्टर दुर्घटनाओं के साथ ही आज के हेलीकाप्टर दुर्घटना की भी हर पहलू की गहनता से जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी। यह समिति प्रत्येक घटना के कारणों की गहराई से जांच करेगी और दोषी व्यक्तियों या संस्थाओं की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की संस्तुति करेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में हेलीकाप्टर सेवाओं का महत्व तीर्थाटन, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं के लिए अत्यधिक है, इसलिए इनमें सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
