इंदौर:अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे में इंदौर की बहू हरप्रीत होरा की भी मौत हो गई। हादसे में कुल 241 यात्री मारे गए, जिनमें हरप्रीत का नाम 65वें नंबर पर दर्ज है। हरप्रीत इंदौर के राजमोहल्ला निवासी होरा परिवार की बहू थीं और अपने पति रॉबी होरा से मिलने लंदन जा रही थीं।
रॉबी के चाचा राजेंद्रसिंह होरा ने बताया कि हरप्रीत अपने मायके अहमदाबाद आई थीं। पहले वह 19 जून को लंदन रवाना होने वाली थीं, लेकिन बेटे का जन्मदिन 16 जून को होने के चलते उन्होंने टिकट बदलवाकर 12 जून की उड़ान बुक की — जो हादसे का शिकार हो गई। हरप्रीत के पति रॉबी होरा लंदन से आज इंदौर लौट रहे हैं। परिवार के सभी सदस्य अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। इस घटना से पूरे परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर है।
