उज्जैन: महाकाल मंदिर के पीछे स्थित महाकाल लोक में धनुष द्वार के सामने लगी भगवान शिव की त्रिपुरासुर संहार की प्रतिमा तेज हवा के क्षतिग्रस्त हो गई है। सूचना मिलने के बाद प्रतिमा को पर्दा लगाकर ढक दिया गया है। प्रतिमा के आस-पास बेरिकेड्स लगाकर लोगों के जाने पर रोक लगा दी गई है।फूड झोन के समीप त्रिपुरासुर संहार की यह बड़ी प्रतिमा लगी है। जिसमें भगवान शिव रथ पर सवार होकर धनुष हाथ में लेकर असुर का वध करते हुए दर्शाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक तेज हवा चलने के कारण मूर्ति के रथ में लगा छत्र और मूर्ति का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इसकी जानकारी मंदिर के कंट्रोल रूम को मिली थी। इसके बाद मंदिर प्रशासन द्वारा ताबड़तोड़ मूर्ति को पर्दा लगाकर ढक दिया गया। मामले में स्मार्ट सिटी के सीईओ का कहना है कि मेंटेनेंस का कार्य कराया जा रहा है। मंदिर समिति के अधिकारियों का कहना है कि प्रतिमा ढंके होने पर हमें भी यही बताया गया है कि मेंटेनेंस किया जा रहा है।
