सोलापुर/ पणजी, 09 जून (वार्ता) आंचलिक मार्गों पर सेवायें दे रही एयरलाइन फ्लाई91 ने सोमवार को गोवा-सोलापुर-गोवा मार्ग पर परिचालन शुरू किया।
एयरलाइन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस मार्ग पर उसकी पहली उड़ान का महाराष्ट्र में सोलापुर हवाई अड्डे पर पारंपरिक जल तोप की सलामी के साथ उद्घाटन किया गया।
सोलापुर से गोवा के लिए फ्लाई91 की सेवा को केंद्रीय नागरिक उड्डयन और सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने समारोह पूर्वक हरी झंडी दिखा कर गोवा के लिए प्रस्थान कराया।
समारोह में सोलापुर जिले के संरक्षक मंत्री जयकुमार गोरे, कई विधायक, प्रशासन , भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और फ्लाई91 के अधिकारी उपस्थित थे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस तथा उप मुख्यमंत्री अजित पवार और एकनाथ शिंदे ने इस अवसर पर शुभकामना संदेश भेजा था।
फ्लाई91 ने पांच वर्षों में 50 से अधिक शहरों को जोड़ने और इसके लिए 30 विमान शामिल करने की योजना बनायी है। कंपनी ने एटीआर 72-600 विमानों का चयन किया है।
