गुवाहाटी, 01 जून (वार्ता) असम में लगातार बारिश जारी रहने के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है।
केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) आंकड़ों से संकेत मिलता है कि ब्रह्मपुत्र नदी और इसकी कुछ सहायक नदियों का जल स्तर राज्य भर में विभिन्न स्थानों पर बढ़ रहा है।
ब्रह्मपुत्र नदी का जल स्तर कुछ क्षेत्रों में खतरे के स्तर से ऊपर बहने के कारण, सरकार ने किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण घटना से बचने के लिए निमाटीघाट और माजुली द्वीप के बीच नौका सेवा को निलंबित कर दिया है। सीडब्ल्यूसी की ओर से रविवार सुबह जारी रिपोर्ट में कहा गया कि ब्रह्मपुत्र, बुरहीदेहिंग, बराक और कुछ अन्य नदियाँ खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं और कई स्थानों पर जल स्तर बढ़ने की खबरें हैं।
असम के कुल 12 जिलों में करीब 60,000 लोग इस साल आई बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले 48 घंटों में बाढ़ के कारण तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि राज्य की राजधानी गुवाहाटी के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन के कारण पांच लोगों की मौत हो गई है।
असम के सार्वजनिक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग के मंत्री जयंत मल्लाबरुआ ने कहा कि गुवाहाटी शहर के कुछ हिस्से बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं।
श्री मल्लाबरुआ नव कहा, “हम भरालू नदी से ब्रह्मपुत्र नदी में पानी निकालने की कोशिश कर रहे हैं। जैसे ही हम बारालू नदी के पानी को ब्रह्मपुत्र में बहा देंगे, शहर से पानी कम हो जाएगा। हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें फंसे हुए लोगों की मदद के लिए राहत और बचाव अभियान में लगी हुई हैं।’
