शिवपुरी: जिले के करैरा नगर के किला क्षेत्र के पीछे लोहपीटा बस्ती में अचानक आग लग गई। इस हादसे में तीन टपरे जलकर खाक हो गए। टपरों में रखे दो गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। कोई जनहानि नहीं हुई। अजय लोहपीटा की पत्नी मुस्कान टपरे में खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर से लीकेज हुई और चिंगारी से आग लग गई।
आग तेजी से फैली और अजय, शेर सिंह और कप्तान लोहपीटा के टपरे इसकी चपेट में आ गए। टपरों में रखे दो गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फटे, जिससे आसपास का सारा सामान तहस-नहस हो गया। अजय और मुस्कान की हाल ही में शादी हुई थी। शादी का सारा सामान कपड़े, बर्तन, उपहार आदि आग में जल गया। एक बाइक, वॉशिंग मशीन, कूलर और फ्रिज भी जलकर नष्ट हो गए। सूचना पर करैरा पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तीनों परिवारों का करीब दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
