मुंबई, 01 जून (वार्ता) विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति, स्वर्ण भंडार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास आारक्षित निधि में भारी बढ़ोतरी होने से 23 मई को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 6.9 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 692.7 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
वहीं, इसके पिछले सप्ताह देश का विदेशी मुद्रा भंडार 4.9 अरब डॉलर लुढ़ककर 685.7 अरब डॉलर पर रहा था।
रिजर्व बैंक की ओर से जारी साप्ताहिक आंकड़े के अनुसार, 23 मई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 4.5 अरब डॉलर की मजबूती के साथ 586.2 अरब डॉलर पर पहुंच गई। इस अवधि में स्वर्ण भंडार में 2.4 अरब डॉलर की भारी बढ़ोतरी हुई और यह बढ़कर 83.6 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
इसी तरह आलोच्य सप्ताह एसडीआर 8.1 करोड़ डॉलर के इजाफ़े के साथ 18.6 अरब डॉलर हो गया। इस अवधि में आईएमएफ के पास आरक्षित निधि में तीन करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई और यह पिछले सप्ताह के मुकाबले बढ़कर 4.4 अरब डॉलर पर पहुंच गई।
