नयी दिल्ली, 30 मई (वार्ता) ‘भाजपा को जानो’ पहल के हिस्से के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य-परिवार कल्याण और रसायन-उर्वरक मंत्री जे पी नड्डा ने शुक्रवार को यहां न्यूजीलैंड के उप प्रधानमंत्री विंस्टन पीटर्स से मुलाकात की।
बातचीत के दौरान श्री नड्डा ने भाजपा की संगठनात्मक संरचना और विभिन्न समुदायों में इसके व्यापक जनसंपर्क प्रयासों के प्रमुख पहलुओं को साझा किया। उन्होंने भाजपा और न्यूजीलैंड फर्स्ट पार्टी के बीच घनिष्ठ अंतर-पक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल आदान-प्रदान का प्रस्ताव रखा।
इस चर्चा में मोदी सरकार द्वारा की गई प्रमुख स्वास्थ्य पहलों को भी शामिल किया गया, जिसमें महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और समाज के अन्य कमजोर वर्गों को लाभान्वित करने वाले कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया गया। श्री विंस्टन पीटर्स आयुष्मान भारत योजना के कवरेज की सीमा से बहुत प्रभावित थे।
दोनों नेताओं ने पिछले एक दशक में भारत-न्यूजीलैंड द्विपक्षीय संबंधों में हो रही सतत प्रगति की सराहना की और विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में गहरे सहयोग के रास्ते खोजे। उन्होंने भारतीय चुनाव प्रणाली को विस्तृत और प्रभावशाली पाया।
श्री विंस्टन पीटर्स न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री के रूप में भी कार्य करते हैं, और उन पर रेल मंत्री और रेसिंग मंत्री के रूप में अतिरिक्त दायित्व है।
