शाह गोलाबारी प्रभावित परिवारों से मिलेंगे, बीएसएफ जवानों से करेंगे बातचीत

जम्मू, 30 मई (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सीमा पार से गोलीबारी से प्रभावित परिवारों से मिलेंगे और सीमा सुरक्षा बल के जवानों से बातचीत करेंगे। श्री शाह जम्मू क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर आये हुए हैं।

गृह मंत्री सुबह जम्मू से पुंछ के लिए रवाना हुए। वह पुंछ के डाक बंगले में पाकिस्तानी गोलाबारी से प्रभावित नागरिकों को संबोधित करेंगे और बाद में खानेतर स्थित यूनिट मुख्यालय में बीएसएफ जवानों से मिलेंगे।

श्री शाह के साथ जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्री शाह सिंह सभा गुरुद्वारा समेत क्षतिग्रस्त धार्मिक स्थलों का भी दौरा करेंगे और सबसे अधिक प्रभावित पुंछ जिले में नुकसान का आकलन करने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री गुरुवार शाम यहां राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने सेना, अर्धसैनिक बलों, खुफिया एजेंसियों और प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

श्री शाह का ऑपरेशन सिंदूर के बाद केंद्र शासित प्रदेश का यह पहला दौरा है।

श्री शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “अमरनाथ तीर्थयात्रा के लिए समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का मूल्यांकन किया। अधिकारियों को अत्यधिक सतर्कता सुनिश्चित करने और पवित्र यात्रा को निर्बाध रूप से पूरा करने का निर्देश दिया।”

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर प्रशासन तीर्थयात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

श्री शाह द्वारा पुंछ में गोलाबारी में मारे गए नागरिकों के परिजनों को नियुक्ति पत्र वितरित करने की भी उम्मीद है।

Next Post

आपरेशन सिंदूर तरकश का सिर्फ एक तीर, आतंक का फन फिर उठा तो बिल से खींचकर कुचलेंगे : मोदी

Fri May 30 , 2025
बिक्रमगंज (रोहतास) 30 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक बार फिर बिहार की धरती से आतंकवादियों और उसके सरपरस्तों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि ‘आपरेशन सिंदूर’ हमारे तरकश का सिर्फ एक तीर है, आतंक का फन फिर उठेगा तो बिल से खींचकर कुचलेंगे। श्री […]

You May Like