गंगटोक, (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 मई को सिक्किम दौरे पर आयेंगे और राज्य की 50वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में शामिल होंगे।
सिक्किम का राज्य दिवस 16 मई को मनाया जाता है। श्री मोदी को इस अवसर पर 16 मई को गंगटोक आना था, लेकिन 22 अप्रैल को पहलगाम मेंं आतंकवादी हमले और उसके बाद पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठनों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के मद्देनजर उनकी यात्रा 29 मई के लिए स्थगित कर दी गयी थी।
वर्ष 1975 में सिक्किम एक जनमत संग्रह के माध्यम से भारतीय संघ में विलीन हो गया था और भारत का 22वां राज्य बन गया था। स्वर्गीय काजी लेंडुप दोरजी सिक्किम के विलय के मुख्य वास्तुकार थे और उसके भारतीय संघ का हिस्सा बनने पर वे पहले मुख्यमंत्री बने थे। चोग्याल राजशाही के दौरान वह 1974 से 1975 तक सिक्किम के पहले प्रधानमंत्री भी रहे थे।
