मुंबई 27 मई (वार्ता) भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक में भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया।
आईएमडी ने विशेष रूप से तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में आज से ‘अत्यधिक बारिश’ का अनुमान व्यक्त किया है। मध्य महाराष्ट्र के कोंकण और घाट क्षेत्रों में भी भारी बारिश का अनुमान है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को मुंबई और पुणे पहुंचा। आज 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ बिजली गिरने और भारी बारिश के आसार हैं।
मौसम के इस रुख को देखते हुये महाराष्ट्र सरकार ने नागरिकों से सतर्क रहने को कहा है।
आईएमडी ने कहा है कि 27 से 30 मई के बीच उत्तरी कर्नाटक में भारी बारिश के आसार हैं। तमिलनाडु में मई के अंत तक आंधी, बिजली और तूफान जारी रहने का अनुमान है।
