
गुना। झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित द्वितीय साउथ एशियन थ्रोबॉल चैंपियनशिप में भारत को स्वर्ण पदक दिलाकर लौटे गुना के दो होनहार खिलाड़ियों, अमन मांझी और निकुंज पाराशर के स्वागत में आज पूरा गुना शहर सड़कों पर उमड़ पड़ा। भारतीय पुरुष टीम के सदस्य अमन मांझी और महिला टीम की सदस्य निकुंज पाराशर का शहर आगमन किसी उत्सव से कम नहीं था, जहाँ हर नागरिक अपने इन अंतरराष्ट्रीय विजेताओं की एक झलक पाने और उनका अभिनंदन करने के लिए लालायित दिखा।
प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबलों में भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने श्रीलंका को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था। जैसे ही दोनों विजेता खिलाड़ी अपने गृह नगर गुना पहुँचे, खेल प्रेमियों और आम नागरिकों ने गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ पलक-पावड़े बिछाकर उनका ऐतिहासिक स्वागत किया।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर पूरे गुनावासियों की तरफ से इन होनहार खिलाड़ियों की अगवानी नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद गुप्ता ने अपने निवास पर की। उन्होंने पूरे शहर की ओर से दोनों अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को पुष्पमाला पहनाकर, शॉल-श्रीफल भेंट कर और मिठाई खिलाकर उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया।
नगरपालिका अध्यक्ष ने गुना के इन लाडलों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि अमन और निकुंज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराकर न सिर्फ देश का, बल्कि पूरे गुना जिले का मस्तक गर्व से ऊँचा कर दिया है। आज पूरा शहर इनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर गौरवान्वित है। उन्होंने गुनावासियों की तरफ से दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अभूतपूर्व स्वागत और अगवानी के दौरान पार्षद प्रतिनिधि गोपाल साहू, अशोक सोनी, राजू जाटव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच और सैकड़ों की तादाद में खेल प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।
