
इंदौर. अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अब सख्त तेवर दिखा रही है. जिसके तहत परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के कुलकर्णी भट्टा में रहने वाले एक शातिर बदमाश के घर थाना प्रभारी खुद मुनादी करने पहुंचे. उन्होंने खुद लाउडस्पीकर से आरोपी को जिलाबदर का आदेश दिया. इस दौरान वहां मोहल्ले में भीड़ एकत्रित हो गई.
थाना प्रभारी रामदीन कानवा ने बताया कि शातिर बदमाश कपिल पिता सुनील यादव निवासी कुलकर्णी का भट्टा में रहने वाला है, जिसे छह माह के लिए इंदौर जिले और आसपास के सीमावर्ती जिलों से प्रतिबंधित कर दिया. उक्त आदेश पुलिस कमिश्नर ने राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत यह जिलाबदर जारी किया है. मुनादी करने के दौरान मोहल्ले के लोग भी हैरान रह गए, थाना प्रभारी ने बताया कि मुनादी प्रक्रिया का एक हिस्सा है. शनिवार को थाने से पुलिसकर्मी मुनादी करने गए थे, लेकिन रविवार को खुद क्षेत्र में पहुंचे और आदेश की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि थाना स्तर से अब तक 26 प्रकरण भेजे जा चुके हैं, जिन पर जिलाबदर के आदेश जारी हो रहे हैं. पुलिस का यह तरीका न केवल अपराधियों में खौफ पैदा करने वाला है, बल्कि मोहल्ले के लोगों को भी सतर्क कर रहा है कि उनके क्षेत्र में रहने वाला कौन व्यक्ति पुलिस रिकॉर्ड में है.
