ग्वालियर: ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में इस पहली मई से समर नाइट मेला शुरू हो चुका है। ये मेला दो महीने तक चलेगा और रोजाना शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक सैलानियों के लिए खुला है। मेले के लिए तैयारियां व्यापारियों ने काफी पहले से ही शुरू कर दी थी।कारोबारियों ने अपनी दुकान और झूलों को सजा लिया है। दुकानदारों और झूला संचालकों को यहां रोजाना हजारों रुपए खर्च करना पड़ रहे हैं लेकिन सैलानी नहीं आ रहे हैं, इस कारण मेला दुकानदारों को रोजाना घाटा उठाना पड़ रहा है।
ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, संयोजक उमेश उप्पल सचिव महेश मुदगल, संयुक्त अध्यक्ष अनिल पुनियानी, कार्यकारी अध्यक्ष अनुज गुर्जर, सह संयुक्त अध्यक्ष कलली पंडित ने समर नाइट मेला के व्यापारियों की व्यथा को उजागर करते हुए कहा है कि समर नाइट मेला में सैलानी इसलिए नहीं आ रहे हैं क्योंकि मेला प्राधिकरण ने समर नाइट मेला का न तो व्यापक ढंग से प्रचार किया और न ही यहां सांस्कृतिक, मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस भीषण गर्मी में समर नाइट मेला में सैलानियों को आकर्षित करने के लिए मेला प्राधिकरण ने कोई कदम नहीं उठाए हैं। मेला व्यापारियों की सुरक्षा से भी मेला प्राधिकरण खिलवाड़ कर रहा है। यहां न तो फायर बिग्रेड का अमला तैनात किया गया है और न ही असामाजिक तत्वों से सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है जबकि इस भीषण गर्मी के मौसम मैं अग्नि दुर्घटनाएं कुछ ज्यादा ही होती हैं।
