रामलला का आमंत्रण ठुकराने वाली कांग्रेस को इस चुनाव में देश की जनता ठुकराएगी: यादव

भोपाल, 09 मई  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज एक बार पुन: कांग्रेस पर भगवान श्रीरामलला का आमंत्रण ठुकराने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिसने भगवान श्रीरामलला का आमंत्रण ठुकराया है, उसे इस लोकसभा चुनाव में देश और प्रदेश की जनता ठुकरा देगी।

डॉ यादव ने मंदसौर, रतलाम, उज्जैन और देवास लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आयोजित रोड शो, प्रबुद्धजन सम्मेलन, युवा मोर्चा सम्मेलन, बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में भी सहभागिता की एवं पंडित कमल किशोर नागर से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भगवान श्रीरामलला का आमंत्रण ठुकराया है, अब देश की जनता इनको ठुकराएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर आज की पीढ़ी तक में ये समस्या है। जब सोमनाथ का मंदिर तोड़ दिया गया, तो उसे बनवाने की पहल सरदार वल्लभ भाई ने की। मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में कांग्रेस को आमंत्रण दिया गया तो जब भी इन्होंने आमंत्रण ठुकराया था। इन्होंने भगवान सोमनाथ से भी दुश्मनी निभाई थी और अब भगवान श्रीराम से भी दुश्मनी निभा रहे हैं। ये उनकी प्राण-प्रतिष्ठा में भी नहीं पहुंचे और आज तक दर्शन करने के लिए भी नहीं जा सके हैं।

डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं। वे बिना अवकाश लिए 25 सालों से लगातार भारत माता की सेवा में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान मंदसौर में प्रबुद्धजनों के साथ संवाद किया एवं रतलाम के अंबापाडा में पं. श्री कमल किशोर नागर की कथा में सम्मिलित होकर उनसे आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस दौरान थांदला विधानसभा एवं आष्टा में रोड शो किया तो वहीं उज्जैन में युवा मोर्चा के सम्मेलन व सोनकच्छ विधानसभा में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब मुख्यमंत्री बनाती है तो किसी उद्योगपति को बनाती है, लेकिन भाजपा में एक चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बनता है, एक गरीब मजदूर का बेटा मुख्यमंत्री बनता है। यह सिर्फ भाजपा में ही होता है। कांग्रेस की पहचान ही झूठ बोलने की है।

डॉ यादव ने रतलाम लोकसभा सीट के थांदला में आयोजित रोड शो में शामिल होकर यहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि अब घमंडिया गठबंधन के सारे बेईमान परेशान हैं, एक लाइन में खड़े हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी को अब सभी ‘गाली’ बक रहे हैं। इस बार का चुनाव ईमानदारी और बेईमानी के बीच का चुनाव है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रोड शो करके थांलदा की जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासियों की पगड़ी उसकी इज्जत है, उसका मान-सम्मान है, लेकिन कांग्रेस आदिवासियों की पगड़ी को उछालती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता श्री राहुल गांधी मध्यप्रदेश के दौरे पर आए तो उन्हें आदिवासियों ने पगड़ी पहनाई, लेकिन उन्होंने उनकी पगड़ी को उछाल दिया। कांग्रेस को यह माथे की पगड़ी फेंकना बहुत महंगा पड़ेगा। यह आदिवासियों की इज्जत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में गरीबों का अपमान बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। जो गरीबों का अपमान करे, ऐसे लोगों को सरकार में नहीं रहना चाहिए। एक कलेक्टर साहब ने एक ड्राइवर की औकात पूछी तो हमने उनको घर भेज दिया। भाजपा की सरकार में कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। खुले में मांस-मटन नहीं बिकने देंगे। यह निर्णय लागू कराया।
डॉ यादव ने मंदसौर में प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मंदसौर के डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, समाजसेवी, प्रबुद्धजनों से मुझे चर्चा का सुअवसर प्राप्त हुआ है। वर्ष 2014 के पूर्व देश में अधिकांश समय ऐसी सरकारों का शासन रहा, जिनका जनता के सरोकार से कोई वास्ता नहीं था। उनकी बनाई हुई नीति धरातल पर उतरती ही नहीं थी। यदि कोई योजना धरातल पर उतरती भी थी तो उससे किसी भी जनमानस का कोई लाभ नहीं हो पाता था। कांग्रेसी और उनकी समकक्ष विचारधारा की सरकारों के निर्णयों का लाभ सिर्फ और सिर्फ सरकार में बैठे व्यक्ति और उनके परिवारों को ही मिलता था, लेकिन 2014 के बाद भारत में प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में ऐसा क्रांतिकारी परिवर्तन आया है कि श्री मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार ने जितनी भी योजनाएं बनाई उन योजनाओं का लाभ देश के प्रत्येक समाज, प्रत्येक वर्ग के लोगों को मिल रहा है।
प्रबुद्धजन सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक खिंची ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें भाजपा का डुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।

Next Post

नोटा को वोट देने की अपील कर पटवारी ने स्वीकार किया जनता को कांग्रेस पर भरोसा नहीं: शर्मा

Thu May 9 , 2024
इंदौर, 09 मई  मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नोटा को वोट देने की अपील करके यह स्वीकार कर लिया है कि मध्यप्रदेश सहित देशभर की जनता का भरोसा कांग्रेस पार्टी से पूरी तरह से उठ चुका है। श्री […]

You May Like