ओडिशा की बेटियों ने रचा इतिहास, खो-खो में महाराष्ट्र को हराकर जीता स्वर्ण

गया, 09 मई (वार्ता) बिहार में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में ओडिशा की लड़कियों ने एक जबरदस्त उलटफेर करते हुए खो-खो के अंडर-18 वर्ग में पावरहाउस महाराष्ट्र को रोमांचक मुकाबले में 34-31 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया वहीं ओडिशा के लड़कों को इसी वर्ग में महाराष्ट्र से 25-34 से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

बिपार्ड परिसर, गया में खेले गए फाइनल मुकाबले में समरनिका साहू (12 अंक) की कप्तानी में ओडिशा की टीम ने पिछड़ने के बावजूद जबरदस्त वापसी करते हुए मैच का पासा पलटा और इतिहास रच दिया। वर्ष 2024 के खेलो इंडिया यूथ गेम्स में रजत जीतने वाली यह टीम इस बार अपने पदक का रंग सोने में बदलने में कामयाब रही।

वहीं, ओडिशा के लड़कों को स्वर्ण नहीं मिल सका लेकिन उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा। महाराष्ट्र जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उन्होंने पूरी ताकत झोंकी और रजत पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया।

ओडिशा टीम के कोच पार्था महापात्रा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को ‘ऐतिहासिक’ करार देते हुए कहा, “ये तो ट्रेलर था, पिक्चर अभी बाकी है। हमारी लड़कियों ने चैंपियन बनने का जो सपना देखा था, उसे पूरा किया है।” उन्होंने ओडिशा सरकार को भी समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि हाई परफॉर्मेंस सेंटर, पुरी में वर्षों की मेहनत अब रंग ला रही है।

Next Post

बैंक ऑफ इंडिया का मुनाफा 82.49 प्रतिशत चढ़ा

Fri May 9 , 2025
नयी दिल्ली 09 मई (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया ने वित्त वर्ष 2024-25 की अंतिम तिमाही में 2626 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 1439 करोड़ रुपये के लाभ की तुलना में 82.49 प्रतिशत अधिक है। बैंक के […]

You May Like