लखनऊ, (वार्ता) लगातार चार जीत और विराट कोहली की शानदार फॉर्म से उत्साहित रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) आईपीएल 2025 के 59वें मैच में शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ प्लेऑफ में अपनी पकड़ मजबूत बनाने मैदान में उतरेगी।
कल भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी एकाना स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स पिछली तीन हार को भुलाकर प्लेऑफ के लिए जीत के क्रम में लौटना चाहेगी। लखनऊ 11 मैचों में पांच मैचों में जीत के साथ तालिका में दस अंक के साथ सातवें पायदान पर है।
टूर्नामेंट में आरसीबी की बल्लेबाजी शानदार रही है और उसके धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ने लगातार चार अर्धशतक लगाकर बेहतर फार्म में दिख रहे हैं। जैकब बेथेल, टिम डेविड और विस्फोटक रोमारियो शेफर्ड जैसे खिलाड़ियों के दमदार समर्थन के साथ, मेहमान टीम के पास एक गहरी और बेहतरीन बल्लेबाजी क्रम है।
ऐसा माना जा रहा है कि आरसीबी की जीत की संभावना लखनऊ से थोड़ी अधिक है और वे लगातार पाँचवीं जीत हासिल करके अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचना चाहेंगे। अगर उन्हें इस मुकाबले में जीत हासिल होती है तो उनके प्लेऑफ की उम्मीदें मजबूत होगी।
लखनऊ सुपर जायंट्स की हाल के हफ्तों में अभियान की गति कम हुई है। मध्य सत्र में शानदार प्रदर्शन के बाद मेजबान टीम लगातार तीन हार का सामना कर चुकी है। उनका गेंदबाजी आक्रमण विपक्षी बल्लेबाजों को रोकने में विफल रहा है उनके गेंदबाजों ने अधिक रन दिये है तथा स्टार बल्लेबाजी क्रम में निरंतरता की कमी है।लखनऊ टीम की अगुआई कर रहे ऋषभ पंत बल्ले से संघर्ष कर रहे हैं इसके अलावा निकोलस पूरन, डेविड मिलर तथा आयुष बदोनी जैसे खिलाड़ी अच्छी शुरुआत को मैच विजयी योगदान में बदलने में विफल रहे हैं। गेंदबाजी के मोर्चे पर आवेश खान और मयंक यादव महंगे रहे हैं, जबकि दिग्वेश सिंह राठी ने कभी-कभार विकेट लेने के बावजूद उनकी एकरूपता कमी देखी गई है।
वहीं आरसीबी की गेंदबाजी इकाई अधिक संतुलित दिखाई देती है। जॉश हेजलवुड की जगह लेने वाले लुंगी एनगिडी ने अपने पिछले मैच में तीन विकेट लेकर प्रभावित किया। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और स्पिनर क्रुणाल पांड्या बीच के ओवरों में रनों पर रोक लगाने और विकेट लेने में कामयाब रहे हैं।
इस सीजन में पहली पारी का औसत स्कोर 175 रहा है और यहां की पिच ने बल्ले और गेंद के बीच संतुलित मुकाबला पेश किया है। पहले गेंदबाजी करने वाली टीमों को अधिक सफलता मिली है, उन्होंने इस स्थल पर खेले गए पांच मैचों में से चार में जीत हासिल की है। इस पिच पर टॉस की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
