बेंगलुरु, 08 मई (वार्ता) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने गुरुवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के मद्देनजर पूरे राज्य में खास तौर पर बांधों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
श्री सिद्दारमैया ने कहा कि पाकिस्तानी नागरिकों के खिलाफ निर्वासन की कार्रवाई चल रही है। इनमें से अधिकांश को वापस भेजा जा चुका है और कुछ मामले अभी अदालतों में लंबित हैं।
उन्होंने मांड्या में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, “हमने बांधों समेत प्रमुख बुनियादी ढांचे के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है और सभी एहतियाती कदम उठा रहे हैं। केंद्र ने नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल के लिए निर्देश जारी किए हैं, जो उसी के अनुसार आयोजित किए जा रहे हैं।” उन्होंने राज्य में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मांग पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “उनमें से अधिकांश को पहले ही वापस भेजा जा चुका है। हालांकि, कुछ लोगों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है और उचित प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।”
राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बेंगलुरु में सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए कहा, “रायचूर, कैगा और केआरएस इंडस्ट्रीज से विशेष पुलिस बल तैनात किए गए हैं, जिन्हें कमांडो प्रशिक्षण मिला है। सभी विभागों में पर्याप्त संख्या में कर्मी मौजूद हैं और अगर और भर्ती की जाती है तो एक साल का प्रशिक्षण कार्यक्रम लागू किया जाएगा।” उन्होंने केंद्र द्वारा निर्देशित मॉक ड्रिल के बारे में कहा, “कल की मॉक ड्रिल सफल रही। केंद्र सरकार ने हमें तीन जिलों में इसे आयोजित करने का निर्देश दिया था। तैयारियों को मजबूत करने के लिए राज्य ने मैसूरु को भी चुना है।”
