एंटीगुआ, 06 मई (वार्ता) वेस्टइंडीज ने इस महीने के आखिर में शुरू होने वाले आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए 15 सदस्यीय एकदिवसीय टीम की घोषणा की है।
शाई होप की अगुवाई में वेस्टइंडीज की टीम इस महीने के आखिर में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर कुल छह एकदिवसीय मैच खेलेंगी। टीम में ब्रैंडन किंग, एविन लुईस, कीसी कार्टी और उभरता खिलाड़ी ज्वेल एंड्रयू भी शामिल होंगे।
वेस्टइंडीज के कोच डेरेन सैमी ने इस दौरे को लेकर कहा कि ये मैच 2027 विश्वकप के लिए महत्वपूर्ण हैं। हमें पता है कि परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होंगी। वेस्टइंडीज ने अपने कोचिंग स्टाफ में भी कुछ बदलावों की घोषणा की है, जिसमें पूर्व तेज गेंदबाज और 2012 टी20 विश्व कप विजेता रवि रामपॉल को न्यूजीलैंड के जेम्स फ्रैंकलिन की जगह गेंदबाजी कोच बनाया गया है, जबकि आयरलैंड के महान खिलाड़ी केविन ओ’ब्रायन अपनी पुरानी टीम के खिलाफ तीन मैचों के दौरान टीम को कुछ सहायता प्रदान करेंगे।
वेस्टइंडीज की एकदिवसीय टीम: शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, कीसी कार्टी, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जंगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एविन लुईस, गुडाकेश मोती, शेरफेन रदरफोर्ड, जेडन सील्स और रोमारियो शेफर्ड।
