पाकिस्तान ने फतह श्रृंखला की मिसाइल का किया परीक्षण

इस्लामाबाद, 5 मई (वार्ता) पाकिस्तान ने आज अपनी ‘फतह’ श्रृंखला की सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण किया। भारत में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उसका यह दूसरा मिसाइल परीक्षण है।

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार सेना की आधिकारिक मीडिया शाखा ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’(आईएसपीआर) ने बताया कि मिसाइल की मारक क्षमता 120 किलोमीटर है और इसे उसके वर्तमान समय में चल रहे सैन्य अभ्यास ‘इंडस’ के हिस्से के रूप में लॉन्च किया गया।

दी गयी जानकारी के अनुसार इस प्रक्षेपण का उद्देश्य सैनिकों की परिचालन तत्परता सुनिश्चित करना और मिसाइल की उन्नत नेविगेशन प्रणाली और उन्नत गतिशीलता सुविधाओं सहित अन्य प्रमुख तकनीकी मापदंडों को मान्य करना था।

गौरतलब है कि पाकिस्तान ने इस परीक्षण से पहले शनिवार को सतह से सतह पर मार करने वाली अब्दाली मिसाइल का प्रक्षेपण किया गया था जिसकी सेना के अनुसार मारक क्षमता 450 किलोमीटर है।

आईएसपीआर ने बताया कि यह प्रक्षेपण सशस्त्र बलों के ‘एक्स इंडस’ अभ्यास का हिस्सा था और इसे सेना सामरिक बल कमान (एएफएससी) के कमांडर, सामरिक योजना प्रभाग और एएफएससी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ पाकिस्तान के सामरिक संगठनों के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने भी देखा।

आईएसपीआर ने बताया कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष जनरल साहिर शमशाद मिर्जा और सेना प्रमुखों ने इस परीक्षण में भाग लेने वाले सैनिकों, वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी।

बयान के मुताबिक “ उन्होंने विश्वसनीय न्यूनतम प्रतिरोध सुनिश्चित करने और किसी भी आक्रमण के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने के लिए पाकिस्तान के सामरिक बलों की परिचालन तैयारियों और तकनीकी दक्षता पर पूरा भरोसा जताया।”

पाकिस्तान का नवीनतम मिसाइल परीक्षण घातक पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के साथ शत्रुतापूर्ण संबंधों के बीच हुआ है। जम्मू कश्मीर में 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोग हताहत हुए थे।

इस बीच पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल संधि निलंबित करने, अटारी सीमा को बंद करने, सभी पाकिस्तानी उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को रद्द करने और अपने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों को बंद करने जैसे भारत के जवाबी कदमों के बाद इस्लामाबाद में घबराहट की स्थिति है।

भारत के इन कदमों के बाद पाकिस्तान ने भारतीय उड़ानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। पाकिस्तानी नौसेना अरब सागर में नौसैनिक अभ्यास में रत है जबिक नियंत्रण रेखा पर प्रतिदिन क्रॉस-फायर हाेता रहता है। इसके बाद अब मिसाइन परीक्षण कर वह अपनी जनता के सामने एक मजबूत छवि पेश करने की कोशिश में है।

Next Post

EOW केस विधि विरुद्ध,राजस्व अधिकारियों के समर्थन में कलेक्टर को ज्ञापन

Mon May 5 , 2025
दमोह। मप्र राजस्व संघ के बैनर तले एसडीएम, तहसीलदार, एसएलआर और भी राजस्व विभाग ने सोमवार दोपहर कलेक्टर कोचर को राजस्व मंत्री, प्रमुख सचिव के नाम एक ज्ञापन सौंपा है.ज्ञापन सौंपते हुए एसडीएम तेंदूखेड़ा सौरभ गंधर्व, तहसीलदार प्रवीण त्रिपाठी, योगेंद्र चौधरी, रघुनंदन चतुर्वेदी, वृंदेश पांडे, आशुतोष गुप्ता, एसएलआर/तहसीलदार डॉक्टर सुलेखा […]

You May Like