लव जिहाद की जांच के लिए SIT का गठन,IG अभय सिंह को सौंपी कमान

भोपाल। भोपाल और इंदौर में कॉलेज की छात्राओं के साथ दुष्कर्म और धर्मांतरण के कथित “लव जिहाद” मामलों को लेकर पुलिस मुख्यालय ने जांच और समन्वय के लिए एक राज्य स्तरीय विशेष जांच दल का गठन कर दिया है। एसआईटी की कमान भोपाल देहात के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अभय सिंह को सौंपी गई है।

इस विशेष जांच दल में भोपाल पुलिस कमिश्नरेट के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पंकज श्रीवास्तव और पुलिस मुख्यालय के तीन वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहेंगे। एसआईटी मुख्य रूप से “लव जिहाद”, दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन से जुड़े मामलों की गहन निगरानी करेगी और विभिन्न जांच एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करेगी.

भोपाल के “लव जिहाद” मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग भी सक्रिय हो गया है। आयोग की पूर्व डीजीपी निर्मल कौर की अध्यक्षता वाली एक टीम भोपाल में डेरा डाले हुए है। रविवार को एक पीड़िता ने आयोग के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया, जिसके बाद आयोग ने FIR में संगठित अपराध की धाराएं जोड़ने की सिफारिश की है। सोमवार को टीम ने क्लब 90 का भी निरीक्षण किया। वहीं, मानवाधिकार आयोग ने भोपाल पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए प्रथम दृष्टया शिकायत दर्ज करने में देरी मानते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने बताया कि अब तक सात पीड़िताएं सामने आ चुकी हैं और इनकी संख्या बढ़ने की आशंका है। पीड़िताओं ने ब्लैकमेलिंग, दुष्कर्म और धर्मांतरण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। आयोग का कहना है कि सुरक्षा और पुनर्वास की उचित व्यवस्था न होने के कारण अन्य पीड़िताएं सामने आने से डर रही हैं। आयोग की टीम स्वयं भोपाल जाकर स्थिति का जायजा लेगी।

भोपाल में “लव जिहाद” से जुड़े अब तक पांच मामलों में FIR दर्ज की गई हैं। मुख्य आरोपी फरहान खान पर आरोप है कि उसने बचपन में अपने माता-पिता को खो चुकी दो सगी बहनों के साथ दुष्कर्म किया और उनकी आपत्तिजनक वीडियो बनाईं। मामले की पिछली जांच डीसीपी जोन-2 के अंतर्गत हुई थी, जिसे अब डीसीपी जोन-1 से सत्यापित कराया जा रहा है। मध्य प्रदेश पुलिस आरोपियों के एक ऐसे कारोबारी से संबंधों की भी पड़ताल कर रही है, जो उन्हें विभिन्न प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराता था। वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र रूप से साक्ष्य और बयानों की पुष्टि कर रहे हैं।

इसी बीच, दमोह जिले में भी “लव जिहाद” से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है। यहाँ इजराइल खान नामक एक युवक ने एक लॉज में फर्जी आधार कार्ड का उपयोग कर कमरा बुक किया था। उसने अपनी पहचान शिवा शर्मा बताई थी। जांच में उसके मोबाइल फोन से तीन युवतियों के साथ संबंधों के प्रमाण और 12 से अधिक लोगों के साथ चैट की जानकारी मिली है। एटीएस (आतंकवाद निरोधी दस्ता) को संदेह है कि यह मामला “लव जिहाद” से संबंधित हो सकता है और इस दिशा में जांच जारी है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह फोटो कॉपी की दुकानों से छात्राओं के नाम और मोबाइल नंबर हासिल कर उन्हें अपने जाल में फंसाता था। फिलहाल दमोह पुलिस ने इस मामले में फर्जी दस्तावेज का केस दर्ज किया है और युवतियों की ओर से शिकायत आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

पूर्व जनपद अध्यक्ष भैयालाल सिंह का निधन

Mon May 5 , 2025
चितरंगी। जनपद पंचायत चितरंगी के पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य तथा कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता भैयालाल सिंह गोड़ का 72 वर्ष की आयु में बीती रात निधन हो गया। वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। जहां बीते दिन रविवार की देर शाम शहडोल के […]

You May Like