पटना, 27 अप्रैल (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पाटलिपुत्र खेल परिसर में चल रहे ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ की तैयारियों का आज निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
श्री कुमार ने रविवार को यहां इस दौरान सेंट्रल कंट्रोल एंड कमांड सेंटर, काॅफ्रेंस हाॅल, स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम सहित अन्य भागों का जायजा लिया। साथ ही उद्घाटन समारोह में होनेवाल कार्यक्रम के लिए खिलाड़ियों और कलाकारों द्वारा किए जा रहे अभ्यास का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने 04 मई को उद्घाटन समारोह में प्रदर्शित की जानेवाली विश्व की सबसे बड़ी मधुबनी पेंटिंग के निर्माण का भी अवलोकन किया। विश्व की सबसे बड़ी बनायी गयी मधुबनी पेंटिंग के लिये गिनीज वल्र्ड रिकाॅर्ड का सर्टिफिकेट मुख्यमंत्री को सौंपा गया।
मिथिला चित्रकला संस्थान, सौराठ, मधुबनी के 50 कलाकारों ने लगातार 50 घंटे तक काम कर इस पेंटिंग को तैयार किया है। विश्व की सबसे बड़ी मधुबनी पेंटिंग तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानेवाली पद्मश्री श्रीमती बाऊआ देवी को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। साथ ही 375 बाल लामाओं द्वारा सिंगिंग बाॅल के साथ प्रदर्शन का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा गया।
ज्ञातव्य है कि बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन 04 मई से 15 मई तक हो रहा है। इसका उद्घाटन 04 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 28 खेलों के लिये 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों से 8500 खिलाड़ी तथा 1500 प्रशिक्षक और तकनीकी अधिकारी शामिल हो रहे हैं। बिहार के पांच शहरों पटना, गया, राजगीर, भागलपुर और बेगूसराय में इस खेल का आयोजन होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डाॅ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।