भोपाल: शहर के व्यस्ततम चौराहों में से एक, दस नंबर चौराहे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों के खड़े होने की जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, वहीं दूसरी तरफ चौराहे पर ही सड़क का एक बड़ा हिस्सा खुदा पड़ा है। इन दोनों समस्याओं के कारण चौराहे पर यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है और राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पुलिसकर्मी ने बताया कि इस क्षतिग्रस्त जगह पर खड़े होकर ड्यूटी करना बेहद मुश्किल होता है।
टूटी हुई सतह पर संतुलन बनाना मुश्किल होता है और लंबे समय तक खड़े रहने से पैरों में दर्द होने लगता है। उन्होंने यह भी बताया कि बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाता है और फिसलन का खतरा बढ़ जाता है। कई बार तो उन्हें मजबूरन सड़क के किनारे खड़े होकर ड्यूटी करनी पड़ती है, जिससे उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है और यातायात भी बाधित होता है।
इस समस्या के साथ-साथ, दस नंबर चौराहे पर ही सड़क का एक बड़ा हिस्सा पिछले कुछ दिनों से खुदा पड़ा है। यह खुदाई किस कारण से की गई है, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि शायद किसी पाइपलाइन या केबल डालने के लिए यह खुदाई की गई है, लेकिन काम पूरा होने के बाद भी सड़क को ठीक नहीं किया गया है। खोदी गई सड़क के चारों तरफ केवल कुछ बेतरतीब ढंग से बस मट्टी दाल दी गई है जो कि रात के समय में और भी खतरनाक साबित हो सकते हैं।खुदी हुई सड़क के कारण चौराहे पर वाहनों का आवागमन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। पहले से ही व्यस्त रहने वाले इस चौराहे पर अब और भी अधिक जाम लगने लगा है।
