नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम के पास पर्यटकों पर हुए क्रूर आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।
पार्टी ने कहा, “जम्मू-कश्मीर में आज से पहले कभी भी पर्यटकों को निशाना नहीं बनाया गया था, लेकिन आज आतंकवादियों ने पहलगाम में निर्मम व दरिंदगीपूर्ण हमला किया है। यह आतंकवादी कश्मीरियत और इंसानियत के दुश्मन हैं।”
पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पहलगाम में हुए आंतकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, “ जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ कायराना आतंकी हमला बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। निहत्थे मासूमों को निशाना बनाना मानवता पर हमला है। इस दुःखद घड़ी में पूरा देश एकजुट है, पीड़ित परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं और हम आतंक के हर रूप की कठोर शब्दों में भर्त्सना करते हैं”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ कायरतापूर्ण आतंकी हमला बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। निहत्थे मासूमों को निशाना बनाना मानवता पर हमला है। इस दुख की घड़ी में पूरा देश एकजुट है, पीड़ित परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं और हम आतंकवाद के हर रूप की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
वहीं, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री ण्ं नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने एक्स पर कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला बेहद दुखद और निंदनीय है। निर्दाेष लोगों को निशाना बनाना इंसानियत के खिलाफ है। इस कायराना हमले की कड़ी निंदा में पूरा देश एकजुट है। पीड़ित परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं है। भगवान उन्हें ये कष्ट सहने की हिम्मत दे।
