
उज्जैन। आज संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सर्विस एग्जाम 2024 का फाइनल रिजल्ट जारी किया जिसमें उज्जैन के प्रतीक सिसौदिया का भी चयन हुआ है, जिन्हें भारतीय राजस्व सेवा आईआरएस अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। प्रतीक को 753वीं रैंक प्राप्त हुई है।
प्रतीक उज्जैन के तृप्ति परिसर, नानाखेड़ा में रहते हैं। पिता कैलाश सिसौदिया पंचायत समन्वय अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। प्रतीक का पालन-पोषण ग्रामीण परिवेश में हुआ। प्रतीक ने उज्जैन के कालिदास ऑक्सफोर्ड स्कूल से पढ़ाई की।
उज्जैन में सरकारी स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वे इंदौर गए जहां से उन्होंने स्नातक (BA) की पढ़ाई की। ग्रेजुएशन के बाद प्रतीक दिल्ली चले गए और वहां चार सालों तक UPSC की तैयारी की। प्रतीक को पांचवें प्रयास में सफलता मिली है।
प्रतीक के चयन की सूचना मिलते ही परिवार व आसपास के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी उन्हें बधाई देने उनके घर पहुंचे।
