मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में आर्थिक सहायता की स्वीकृति

भोपाल, 22 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज यहाँ मंत्रालय में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना में गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
इस योजना में कन्या तथा कन्या के अभिभावक गरीबी रेखा के नीचे जीवन निर्वाह करने वाले होने पर उन बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इनका बी.पी.एल. पोर्टल पर सत्यापन अनिवार्य होगा। कन्या विवाह तथा निकाह सम्मेलन कैलेण्डर जारी कर संभागवार वार्षिक चक्रीय रूप से आयोजित किये जायेंगे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना में प्रति कन्या राशि 55 हजार रूपये में से वधू को 49 हजार रुपए का चेक और शेष छह हजार रुपये सामूहिक विवाह समारोह आयोजन के लिए संबंधित निकाय को प्रदाय किया जायेगा।
बैठक में बताया कि संभागवार जिलों में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में सम्मिलित विवाह जोड़ों की न्यूनतम संख्या 11 और अधिकतम 200 जोड़ों की संख्या निर्धारित की जायेगी। योजना में सामूहिक विवाह/निकाह सम्मेलनों में प्राप्त आवेदनों की स्कूटनी पूर्व अनुसार निकाय स्तर पर की जायेगीं। पात्र/अपात्र एवं समग्र पोर्टल पर वर-वधू की आधार ई-केवायसी अनिवार्य होगा। सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के लिये शासन की ओर से मिलने वाले आर्थिक लाभ को सार्थक बनाने का प्रयास करते हुये आयोजन में जन-प्रतिनिधियों एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर समाज के संपन्न और सक्षम व्यक्तियों का सहयोग प्राप्त किया जायेगा।
मंत्रि-परिषद द्वारा बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2027-28 के लिए नवीन योजना “टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्रों के विकास” के लिए 145 करोड़ रूपये की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गयी। इस योजना में बफर क्षेत्रों में संवेदनशील क्षेत्रों में विभिन्न कार्य किए जाएंगे। इस नवीन योजना में बफर क्षेत्रों के संवेदनशील क्षेत्रों में फेसिंग का निर्माण किया जाएगा। वन्य प्राणियों की सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। चारागाहों एवं जल स्त्रोतों का विकास किया जाएगा। वन्य प्राणियों का उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। नागरिकों के कौशल उन्नयन के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। मध्यप्रदेश के 9 टाइगर रिजर्व से लगे बफर क्षेत्रों में पिछले 4 वर्षों में टाइगर की संख्या 526 से बढ़कर 785 हो गई है।

Next Post

गूगल ने अर्थ डे पर डूडल में जलवायु परिवर्तन का दिखाया संकट

Tue Apr 22 , 2025
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (वार्ता) गूगल ने 22 अप्रैल 2025 को अर्थ डे के अवसर पर एक विशेष डूडल जारी किया है, जो जलवायु परिवर्तन के गंभीर संकट पर केंद्रित है। इस डूडल का उद्देश्य लोगों को […]

You May Like