एचडीएफसी बैंक का तिमाही मुनाफा 6.9 प्रतिशत बढ़ा

मुंबई, 19 अप्रैल (वार्ता) निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक लिमिटेड का 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में सकल शुद्ध मुनाफा इसके पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 17622.38 करोड़ रुपये के मुकाबले 6.9 प्रतिशत बढ़कर 18834.88 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को बताया कि उसे वित्त वर्ष 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में 18834.88 करोड़ रुपये का सकल शुद्ध मुनाफा हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही के 17622.38 करोड़ रुपये से 6.9 प्रतिशत अधिक है। हालांकि इस अवधि में उसकी कुल आय में 3.3 प्रतिशत की कमी हुई और यह 124391.35 करोड़ रुपये से घटकर 120268.76 करोड़ रुपये पर आ गया। इसी तरह उसका कुल व्यय भी 92819.42 करोड़ रुपये से कम होकर 90890.01 करोड़ रुपये रह गया।

एचडीएफसी ने बताया कि उसे वित्त वर्ष 2024-25 में 70792.25 करोड़ रुपये का सकल शुद्ध मुनाफा हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 के 64062.04 करोड़ रुपये के मुकाबले 10.5 प्रतिशत अधिक है। आलोच्य अवधि में उसकी कुल आय 407994.77 करोड़ रुपये से 15.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 470915.93 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान उसका कुल खर्च भी 306407.89 करोड़ रुपये से 360499.27 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी के निदेशक मंडल ने 31 मार्च, 2025 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए एक रुपये अंकित मूल्य के प्रति इक्विटी शेयर पर 22 रुपये का अंतिम लाभांश घोषित करने की सिफारिश की है।

Next Post

क्रोएशिया के पूर्व खिलाड़ी पोक्रिवैक की कार दुर्घटना में मौत

Sat Apr 19 , 2025
ज़ाग्रेब (क्रोएशिया), 19 अप्रैल (वार्ता) क्रोएशिया के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकोला पोक्रिवैक की अपने देश में एक कार दुर्घटना में मौत हो गई है। क्रोएशियाई फुटबॉल महासंघ ने इसकी पुष्टि की है। 39 वर्षीय मिडफील्डर ने अपने करियर में दिनामो ज़ाग्रेब, एएस मोनाको और आरबी साल्ज़बर्ग के लिए खेला और […]

You May Like