नई दिल्ली, 19 अप्रैल (वार्ता) झांसी में 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन को भरोसा है कि उनकी टीम आगामी एशिया कप 2025 में अच्छा प्रदर्शन करेगी।
राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप के हर मैच में बारीक नजर रखने वाले फुल्टन ने एशिया कप में भारतीय टीम की तैयारी का विश्लेषण किया और टीम में प्रतिभा की गहराई और गुणवत्ता के बारे में आशा व्यक्त की। उन्होंने कहा, “ पंजाब ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के मजबूत प्रतिनिधित्व के साथ प्रदर्शन किया, जबकि शीर्ष चार टीमों ने कुल मिलाकर अच्छा संतुलन और गुणवत्ता का प्रदर्शन किया। कुछ क्षेत्र निश्चित रूप से दूसरों की तुलना में अधिक मजबूत थे। उदाहरण के लिए, पंजाब सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ सबसे आगे रहा, जिसने उन्हें बढ़त दिलाई। साथ ही, शीर्ष चार टीमों में प्रतिभा का एक स्वस्थ संतुलन था। हालाँकि, इसके अलावा, गहराई और समग्र गुणवत्ता में थोड़ी गिरावट आई।”
एशिया कप के लिए एक नए कोर ग्रुप के गठन पर जोर देते हुये फुल्टन कहा कि हमारा ध्यान उम्र पर नहीं बल्कि विशिष्ट भूमिकाओं के लिए सही खिलाड़ियों को खोजने पर है। यह अधिक युवाओं को लाने के बारे में नहीं है बल्कि सही पदों के लिए सही खिलाड़ियों की पहचान करने के बारे में है। 54 संभावितों के साथ एक प्रशिक्षण शिविर जल्द ही निर्धारित किया गया है, जिसमें से 40 खिलाड़ियों का एक कोर ग्रुप चुना जाएगा।
फुल्टन ने बताया, “ हम पिछले कुछ समय से गहराई बनाने के बारे में बात कर रहे हैं। अगले 18 महीने पर्याप्त बेंच स्ट्रेंथ वाली टीम बनाने के लिए महत्वपूर्ण हैं। हमें ऐसे खिलाड़ी चाहिए जो मैन-टू-मैन और ज़ोनल डिफेंस दोनों के खिलाफ़ गेंद को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकें, समझदारी से दबाव बना सकें और दबाव में भी बाहर निकल सकें।”
