
जबलपुर। क्राईम ब्रांच एवं थाना पनागर की टीम द्वारा 4 किलो 738 ग्राम गांजा के साथ आरोपियों को रंगे हाथ पकडा गया है।
जानकारी के अनुसार पनागर में बीती देर रात क्राइम ब्रांच एवं थाना पनागर की संयुक्त टीम को पैट्रोलिंग के दौरान रत्ना धाम निरंदपुर के पास निरंदपुर तरफ से सफेद रंग की स्विफ्ट कार आती दिखी जो पुलिस को देखकर बाघोंड़ा की तरफ तेजी से भागने लगी, जिसका पीछा कर ट्राईडेंट वेयर हाउस के सामने गंगाजली मेन रोड में घेराबंदी कर रोका गया। स्विफ्ट कर क्रमांक एमपी 20 सी.एफ. 4480 में तीन व्यक्ति बैठे थे, नाम पता पूछने पर कार चालक ने अपना नाम सुजीत राय उम्र 37 वर्ष निवासी ग्वारीघाट स्टेशन के पास थाना ग्वारीघाट एवं ड्राइवर सीट की बाजू वाली सीट में बैठे व्यक्ति ने सूरज बेन उम्र 27 वर्ष निवासी बेन मोहल्ला रामपुर थाना गोरखपुर तथा कार की पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति ने मोहम्मद सज्जाद उर्फ रेहान खान उम्र 24 वर्ष निवासी बड़ी ओमती नल के पास घंटाघर थाना ओमती बताया। संदेह होने पर तलाशी लेने पर कार की डिक्की के अंदर एक सफेद रंग की प्लास्टिक की बोरी में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा मिला। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्यवाही करते हुये गांजा की तौल करने पर 4 किलो 738 ग्राम गांजा कीमती लगभग 95 हजार रुपए का होना पाया गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा कार सहित जप्त की गई ।
