म्यांमार में 100 से अधिक सदस्यों की चिकित्सा टीम भेज रही है सेना

नयी दिल्ली 29 मार्च (वार्ता) भारतीय सेना म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप के बाद तत्काल सहायता के लिए ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत वहां सौ से अधिक सदस्यों वाला एक विशेष चिकित्सा कार्य बल तैनात कर रही है।

सेना ने शनिवार को यहां बताया कि लेफ्टिनेंट कर्नल जगनीत गिल के नेतृत्व में शत्रुजीत ब्रिगेड मेडिकल रिस्पॉन्डर्स की 118 सदस्यीय टीम आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और आपूर्ति के साथ शीघ्र ही म्यांमार के लिए रवाना होने वाली है। एयरबोर्न एंजेल्स टास्क फोर्स को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में उन्नत चिकित्सा और शल्य चिकित्सा देखभाल प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित और सुसज्जित किया गया है।

भारतीय सेना आपदा में घायल लोगों को तत्काल देखभाल प्रदान करने के लिए 60-बेड का चिकित्सा उपचार केंद्र स्थापित करेगी। यह सुविधा स्थानीय स्वास्थ्य सेवा प्रणाली का सहयोग करने के लिए आघात के मामलों, आपातकालीन सर्जरी और आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को संभालने में सक्षम है।

यह मानवीय सहायता भारत की अपनी ‘पड़ोसी पहले’ नीति और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के शाश्वत भारतीय लोकाचार के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। भारतीय सेना संकट के समय मित्र देशों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहती है, जो इस क्षेत्र में सबसे पहले मदद करने के भारत के संकल्प को दर्शाता है।

यह तैनाती विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर और म्यांमार के अधिकारियों के साथ साझेदारी में की गई है।

Next Post

राहुल ने अपतटीय खनन को लेकर लिखा मोदी को पत्र

Sat Mar 29 , 2025
नयी दिल्ली, 29 मार्च (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर केरल, गुजरात के साथ ही अंडमान नकोबार में अपतटीय खनन की अनुमति देने की निंदा करते हुए इसके लिए जारी निविदाओं को रद्द करने की मांग […]

You May Like