हर महीने महिलाओं को 8500 रुपये, युवाओं को नौकरी देंगे : राहुल गांधी

भिंड में कांग्रेस की चुनावी सभा में भाजपा और मोदी पर बरसे

भिंड: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज भिंड के एमजेएस मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी में युवा बाहर जाकर काम करते है, हिंदुस्तान में महिलाएं भी मजदूरी करती हैं, नौकरी करती हैं। महिलाएं आठ घंटे बाहर तो आठ घंटे घर में भी काम करती हैं। इंडिया गठबंधन की सरकार इन महिलाओं को पैसे देने जा रही है। महिलाओं के लिए महालक्ष्मी योजना होगी, हम सीधे उनके बैंक अकाउंट में पैसा डालेंगे। हर गरीब परिवार की लिस्ट बनेगी। परिवार की एक महिला का नाम चुना जाएगा और उसे साल में 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। हमारी सरकार हर महीने 1 तारीख को महिलाओं के खाते में 8500 रुपए डालेगी।

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी ने दो तरह के जवान बना दिए। एक को कैंटीन और अच्छी सैलरी मिलेगी। दूसरा जिसे ये नहीं मिलेंगे। एक को जवान, दूसरे को अग्निवीर कहते हैं। आप सोचिए दो लोगों को युद्ध में भेज रहे हो, एक से कह रहे हो आपको कुछ हुआ तो हम आपके परिवार की रक्षा करेंगे और दूसरे जवान से कह रहे हैं कि आपको कुछ हुआ तो कोई पेंशन और मदद नहीं मिलेगी। शहीद का दर्जा भी नहीं मिलेगा। मोदी ने सेना का अपमान किया है। सेना भी यह अग्निवीर योजना नहीं चाहती है। राहुल गांधी ने कहा कि अरबपतियों के बेटे अपने पिता की कंपनियों में अप्रेंटिसशिप करते हैं और उन्हें पैसा मिलता है। ये उनको कंपनी में डालने का मौका होता है। हमारी सरकार दुनिया की पहली सरकार होगी जो हर ग्रेजुएट को ये अधिकार देने जा रही है। आप सरकार से एक साल की गारंटी की नौकरी मांग सकते हो। देश में 30 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं। हम छह महीने में ये आपके हवाले कर देंगे।
कांग्रेस करोड़ लखपति बना सकती है
राहुल गांधी ने सभा में कहा कि मीडिया पर 24 घंटे मोदी का चेहरा दिखाई दे रहा है। मैं आपसे बात करूंगा, यह मीडिया नहीं दिखाएगा। मीडिया महंगाई, किसानों और गरीबों की बात करता है। उन्होंने कहा कि मोदी अगर देश में 22-25 अरबपति बना सकते हैं तो कांग्रेस करोड़ लखपति बना सकती है।
देश में इस समय सबसे ज्यादा बेरोजगारी और महंगाई
राहुल गांधी ने कहा कि दो-तीन अरबपतियों को सारा का सारा धन दिया जाता है। रेलवे अडाणी, सोलर पावर अडाणी, जहां भी देखो अडाणी ही अडाणी। नोटबंदी की, गलत जीएसटी लागू किया। आज हिंदुस्तान में 45 साल से सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। सबसे ज्यादा महंगाई आज है। हर युवा और देश का हर नागरिक यह सच्चाई जानता है।
राहुल गांधी ने कहा कि 22 लोग हैं, वे भाजपा के मित्र हैंऔर नरेंद्र मोदी से मिलते हैं। राम मंदिर के उद्घाटन में सारे वहां बैठे थे। वहां हजारों करोड़ वाले लोग थे। बॉलीवुड वाले थे, क्रिकेट टीम थी मगर, एक किसान नहीं दिखा, एक आदिवासी नहीं दिखा। संसद का उद्घाटन हुआ तो आदिवासी राष्ट्रपति को नहीं बुलाया गया। उनसे कहा जाता है कि तुम न संसद के उद्घाटन में आओगे और न राम मंदिर के। राहुल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये कर्जा माफ कर दिया। मैं उनसे पूछना चाहता हैं कि कितने किसानों का, मजदूरों का, बेरोजगार युवाओं का कर्जा माफ किया गया। नरेंद्र मोदी ने कभी नहीं कहा कि मैं गरीब का कर्जा माफ करूंगा। उन्होंने ने सभा में लोगों से पूछा कि आपको पता है 16 लाख करोड़ रुपया कितना होता है? उन्होंने कहा कि अगर 25 साल तक हर किसान का कर्जा माफ करोगे तक 16 लाख करोड़ रुपये बनते हैं। दूसरी तरीके से बताऊं तो मनरेगा में 24 साल में जितना रुपया दिया जाता है उतना नरेंद्र मोदी ने 22 लोगों का माफ कर दिया। हालत ये हो गई है कि 22 लोगों के पास उतना ही धन है, जितना 70 करोड़ हिंदुस्तानियों के पास है।
आरक्षण के खिलाफ है भाजपा
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा वाले कहते हैं कि वे आरक्षण के खिलाफ नहीं हैं। अगर, ऐसा है तो वे प्राइवेटाइजेशन क्यों कर रहे हैं, रेलवे का निजी करण क्यों किया जा रहा है। अग्निवीर योजना क्यों लाई गई। अगर, ये लोग आरक्षण के खिलाफ नहीं हैं तो ऐसा क्यों किया। भाजपा सरकार सारे काम आरक्षण के खिलाफ कर रही है।राहुल गांधी ने कहा कि यह मामूली चुनाव नहीं है। यह दो विचार धाराओं का चुनाव है। एक कांग्रेस पार्टी और इंडि गठबंधन संविधान बचाने का काम कर रही है। देश के किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, आदिवासियों और दलितों को जो भी कुछ मिला है, संविधान के कारण मिला है। अब प्रधानमंत्री और अमित शाह ने मन बना लिया है कि अगर वो चुनाव जीतेंगे तो वे इस किताब को फाड़कर फेंक देंगे। भाजपा चाहती है कि ये किताब फेंक दी जाए और देश को 20-25 अरबपति चलाएं।
तय कार्यक्रम के बजाए देरी से हुई सभा
तय कार्यक्रम में मुताबिक राहुल गांधी को दोपहर 12 बजे भिंड आना था। 12:15 बजे उनकी सभा होनी थी, लेकिन सभा विलंब से शुरू हो सकी। सभा में 20 हजार लोगों के आने का दावा किया गया है। सभा को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, राहुल की सुरक्षा में 500 से अधिक जवानों की तैनाती की गई।
भिंड में कौन आमने-सामने
भिंड-दतिया लोकसभा सीट पर कांग्रेस के फूल सिंह बरैया का मुकाबला वर्तमान सांसद और भाजपा प्रत्याशी संध्या राय से है। यह सीट भाजपा का गढ़ मानी जाती है, इस सीट पर करीब 35 साल से भाजपा काबिज है। ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी बरैया के सामने कड़ी चुनौती है। इस सीट पर तीसरे चरण में 7 मई को वोटिंग होगी और जनता अपनी पसंद का सांसद चुनेगी।

Next Post

 दो युवकों समेत एक वृद्ध ने की खुदकुशी

Tue Apr 30 , 2024
जबलपुर: शहर एवं ग्रामीण अंचल में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों समेत एक वृद्ध ने खुदकुशी कर ली। यह घटनाएं अधारताल, पाटन, बरगी थाना क्षेत्र में हुए है।अधारताल पुलिस ने बताया कि राजेन्द्र तिवारी निवासी दक्षिणी मिलौनीगंज कोतवाली ने सूचना दी कि अर्जुन वैष्णव 22 वर्ष निवासी महाराजपुर […]

You May Like