तीन आरोपियों पर हुआ प्रकरण दर्ज
इंदौर: जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के बीके सिंधी कॉलोनी में दो सिंधी परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई. फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि थाने पहुंची सुनीता रिझवानी ने पुलिस को बताया कि पड़ोसियों ने उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी. सुनीता रिझवानी के मुताबिक, उनके घर पर किसी ने चद्दर और पत्थर फेंके, जिससे उनके मकान को नुकसान हुआ. जब उन्होंने अपने पड़ोसियों से इसे ठीक कराने की बात कही, तो वे गुस्से में आ गए और विवाद शुरू हो गया.
इस दौरान जब सुनीता रोड पर खड़ी थीं, तभी पड़ोसियों ने उन पर हमला कर दिया. उन्होंने गालियां दीं और सार्वजनिक रूप से मारपीट की. सुनीता का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. मामले में पुलिस ने सुनीता पति स्व. विजय रिझवानी निवासी सिंधी कॉलोनी की शिकायत पर अक्षय कोडवानी, गोपाल कोडवानी के साथ ही नरेंद्र उर्फ बाबू कोडवानी तीनों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है
