
उज्जैन। उड़ीसा से गांजा लेकर आए युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जिसके पास से चार किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। बडऩगर पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि उज्जैन रोड यात्री प्रतीक्षालय ग्राम कजलाना फंटा पर एक युवक खड़ा है जिसके पास मादक पदार्थ है। सूचना पर युवक की घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ करने पर वह घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें भरा गांजा बरामद हो गया। पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम पूरनाचंद पिता सहदेब कन्हार 26 वर्ष निवासी कंधमाल उड़ीसा होना बताया जिसके खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी का मामला दर्ज किया गया है। एएसआई मानसिंह वास्कले ने बताया कि बरामद गांजे की कीमत 1 लाख 50 हजार रुपए होना सामने आई है।
