गिल, किंग ने जीता फरवरी का आईसीसी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब

दुबई, 12 मार्च (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को भारत के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल और महिला वर्ग में ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग को फरवरी माह का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से सम्मानित किया।

गिल को इंग्लैंड के साथ हुई एकदिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन और चैंपियंस ट्रॉफी में दुबई में बंगलादेश पर शुरुआती जीत में शानदार शतक के बाद आईसीसी पुरुष ‘खिलाड़ी ऑफ द मंथ’ का खिताब जीता। गिल ने फरवरी में पांच एकदिवसीय मैचों में 101.50 की औसत और 94.19 के स्ट्राइक रेट से 406 रन बनाये। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में दो अर्धशतक और एक शतक जड़कर भारत को 3-0 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने नागपुर में खेले गये पहले एकदिवसीय में 87, कटक में खेले गये दूसरे एकदिवसीय में 60 और फिर अहमदाबाद में खेले गये तीसरे वनडे में 112 रन बनाये। गिल का यह तीसरा आईसीसी पुरस्कार है। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को पछाड़ का यह पुरस्कार जीता।

स्पिन विशेषज्ञ अलाना किंग ने मेलबर्न में इंग्लैंड के खिलाफ स्टैंडअलोन एशेज टेस्ट मैच की जीत में शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें यह पुरस्कार मिला। इसके साथ किंग आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का खिताब पाने वाली लगातार तीसरी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गईं। किंग ने फरवरी के पुरस्कार के लिए हमवतन एनाबेल सदरलैंड और थाईलैंड की थिपाचा पुथावोंग को पछाड़कर पहला आईसीसी महिला खिलाड़ी का पुरस्कार जीता।

दोनों खिलाड़ियों को पंजीकृत वैश्विक प्रशंसकों और आईसीसी हॉल ऑफ फेमर्स, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और मीडिया प्रतिनिधियों के एक विशेषज्ञ पैनल के बीच वोट के बाद इस खिताब से सम्मानित किया गया।

फरवरी के लिए आईसीसी पुरुष खिलाड़ी के महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने पर शुभमन गिल ने कहा, “मैं फरवरी के लिए आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ अवार्ड जीतकर बहुत खुश हूं। बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करने और अपने देश के लिए मैच जीतने से ज्यादा मुझे कुछ प्रेरणा नहीं देता। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की तैयारी बहुत महत्वपूर्ण थी और मुझे खुशी है कि मैं इसका पूरा फायदा उठा पाया। व्यक्तिगत रूप से और एक इकाई के रूप में हमारे लिए साल की शुरुआत शानदार रही है। मैं आने वाले समय में भारत के लिए कई और मैच जीतने की उम्मीद करता हूं।”

गिल के लिए यह तीसरा ‘आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ’ का सम्मान है। उन्होंने इससे पहले 2023 में जनवरी और सितंबर में दो बार इसे जीता था। भारत के उपकप्तान गिल सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार हासिल करने वाले वाले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने इस पुरस्कार को जीतने की सूची में पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम की बराबरी कर ली है। बाबर ने भी अब तक तीन बार पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड अपने नाम किया है।

Next Post

लखनऊ ने जीती प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता

Wed Mar 12 , 2025
लखनऊ, 12 मार्च (वार्ता) लखनऊ मंडल ने बेहतरीन अटैक व उम्दा डिफेंस की बदौलत प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता का खिताब फाइनल में आजमगढ़ मंडल को 40-36 से हराकर जीत लिया। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय व उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के समन्वय से क्षेत्रीय खेल कार्यालय लखनऊ के […]

You May Like