टोक्यो में दो जुड़ी हुई बुलेट ट्रेनें अलग हुयी

टोक्यो, 06 मार्च (वार्ता) जापान की राजधानी टोक्यो में एक स्टेशन के पास गुरुवार को दो जुड़ी हुई शिंकानसेन बुलेट ट्रेनें अलग हो गईं, जिसके बाद उन्हें आपातकालीन स्थिति में रोका गया, जिससे पूर्वी जापान में बुलेट ट्रेन सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहीं।
पूर्वी जापान रेलवे (जेआर ईस्ट) ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि तोहोकू शिंकानसेन लाइन पर एक हायाबुसा ट्रेन और एक कोमाची ट्रेन स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11:30 बजे उएनो और ओमिया स्टेशनों के बीच अलग हो गईं। उन्हें स्थानीय यात्री लाइन पर निशिनिपोरी स्टेशन के पास जांच के लिए रोका गया।
रेलवे संचालक ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। उसने बताया कि घटना के समय ट्रेन में करीब 650 यात्री सवार थे।
दस कोच वाली हायाबुसा और सात कोच वाली कोमाची ने स्थानीय समयानुसार सुबह 11:20 बजे टोक्यो स्टेशन से प्रस्थान किया और बाद में उन्हें अलग होकर अलग-अलग स्थानों तक की यात्रा करनी थी। हायाबुसा को तोहोकू शिंकानसेन लाइन पर शिनाओमोरी स्टेशन और कोमाची को अकिता शिंकानसेन लाइन पर अकिता तक की यात्रा करनी थी।
जेआर ईस्ट ने बताया कि घटना के बाद तोहोकू, अकिता, यामागाटा, होकुरिकु और जोएत्सु शिंकानसेन लाइनों पर बुलेट ट्रेन सेवाओं को कुछ खंडों पर निलंबित कर दिया गया था। स्थानीय समयानुसार अपराह्न करीब 2:30 बजे के परिचालन फिर से शुरू कर दिया।

Next Post

बीजाडांडी जनपद पंचायत में बड़ा उलटफेर

Thu Mar 6 , 2025
अध्यक्ष करिश्मा पुट्टा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित मंडला। जिले की बीजाडांडी जनपद पंचायत में एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन हुआ है। जनपद पंचायत अध्यक्ष करिश्मा पुट्टा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। गुरुवार को दोपहर 3 बजे तक सभागार में हुई मतदान प्रक्रिया में कुल 12 सदस्यों […]

You May Like