एरिजोना (अमेरिका) (वार्ता) भारत के मधवेंद्र शेखावत ने बिग स्काई इनडोर ट्रैक एंड फील्ड चैंपियनशिप 2025 में पुरुषों की 60 मीटर बाधा दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी की।
शनिवार को अमेरिका के एरिजोना यूनिवर्सिटी में आयोजित बिग स्काई इनडोर ट्रैक एंड फील्ड चैंपियनशिप में 21 वर्षीय भारतीय एथलीट ने 7.64 सेकंड के समय के साथ शीर्ष पर रहते हुए बाधा दौड़ जीती। इसी के साथ उन्होंने पिछले महीने फ्रांस में तेजस शिरसे द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
मधवेंद्र ने फाइनल में जमैका के जेरोम कैंपबेल को हराकर जीत दर्ज की। इस चैपियंसशिप में जेरोम 7.65 सेकेंड के साथ दूसरे तथा अमेरिका के जाचरी विंगर 7.93 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
मधवेंद्र ने शुक्रवार को हीट्स में शीर्ष स्थान हासिल किया था। उन्होंने 7.79 सेकेंड में फिनिश लाइन पार की और आठ खिलाड़ियों के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उनका पिछला व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 7.68 सेकेंड था, जो उन्होंने 14 फरवरी को सिएटल में दर्ज किया था।
चीन के नानजिंग में 21 से 23 मार्च तक आयोजित होने वाली विश्व एथलेटिक्स इनडोर चैंपियनशिप 2025 के लिए पुरुषों की 60 मीटर हर्डल्स का ऑटोमैटिक क्वालीफिकेशन समय 7.57 सेकेंड है। मधवेंद्र और शिरसे विश्व इनडोर चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाइंग समय को पार नहीं कर सके, लेकिन दोनों शीर्ष स्तर पर प्रदर्शन करने वाले एथलीटों की सूची के जरिए स्थान पक्का करने की दौड़ में बने हुए हैं।
