
शहर की सफाई तय करेगी जबलपुर की स्वच्छता रैकिंग
जबलपुर। दिल्ली से स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम जबलपुर में कुछ ही दिनों में आने वाली है इसको लेकर नगर निगम सचेत हो गया है। आलम ये है कि इन दिनों वार्ड के अनुसार नगर निगम के जिम्मेदारों ने सुपरवाइजरों को आम जनता से फीडबैक लेने का काम सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार फीडबैक लेने का काम स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम खुद ही करती है और फिर सफाई के आधार पर जबलपुर नगर निगम की स्वच्छता रैकिंग तय करती है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 28 फरवरी या उसके बाद कभी भी दिल्ली से स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम जबलपुर में पहुंच सकती है।
विदित हो कि एक दिन पहले नगर निगम कमिश्नर प्रीति यादव ने शहरवासियों से अपील भी की थी कि वे स्वच्छता के लिए पॉजिटिव फीडबैक दें इसके लिए एक स्कैन कोड भी नगर निगम जबलपुर द्वारा जारी किया गया है जिसमें फीडबैक लेने का कार्य किया जा रहा है। उधर नगर निगम के वार्ड सुपरवाइजर भी घर-घर जाकर फीडबैक लेने की कवायद में जुट गए हैं।
टीम को फीडबैक देने बेसब्री से है लोगों को इंतजार
शहर में अधिकांश इलाकों में सफाई की क्या स्थिति है ये शहर की जनता भली-भांति जानती है। किस वार्ड में कितने दिनों तक झाडू तक नहीं लगती ये भी लोग जान रहे हैं और ऐसे लोगों के खेमे में ये भी चर्चा है कि स्वच्छता सर्वेक्षण टीम के आते ही वे उन्हें ऐसा फीडबैक देंगे कि जिम्मेदारों की सभी कलई खुल जाएगी। नाम न छापने की शर्त पर अधिकांश लोगों का कहना है कि सफाई के नाम पर जिम्मेदारों द्वारा उन्हें हमेशा से ठगा सा गया है।
इनका कहना है
जबलपुर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग अपने वार्ड सुपरवाइजर के माध्यम से जनता से फीडबैक ले रहा है और ये फीडबैक स्वच्छता टीम के पास पहुंचेगा। आने वाले कुछ दिनों में केंद्रीय स्वच्छता टीम जबलपुर आ सकती है।
-संदीप जायसवाल, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम
