मुख्य स्टेशन पर एका एक बढ़ी यात्रियों की भीड़
जबलपुर:महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रयागराज महाकुंभ जाने के लिए श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने शुक्रवार रात जबलपुर स्टेशन से अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई। जिससे आसपास के जिलों से हजारों यात्री पहले जबलपुर पहुंचे और फिर यहां से प्रयागराज के लिए प्रस्थान किए। सूत्रों के मुताबिक स्टेशन पर यात्रियों की संख्या रात नौ बजे तक लगभग तीन हजार के आसपास हो गई। रेलवे ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए महाकुंभ स्पेशल मेला ट्रेन चलाने का फैसला किया, जो रात 10:45 बजे प्लेटफार्म क्र 6 से रवाना हुई। इस ट्रेन में लगभग ढाई हजार से अधिक यात्री सवार हुए, जबकि बाकी यात्रियों को अन्य ट्रेनों से प्रयागराज भेजा गया। हाल यह था कि ट्रेन की घोषणा होते ही श्रद्धालु प्लेटफार्म पर दौड़ पड़े, जिससे धक्का मुक्की के हालात बन गए थे।
पलक झपकते ट्रेन हुई पैक
मुख्य रेलवे स्टेशन में यात्रियों की भीड़ इस कदर मौजूद थी इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर लगते ही यह पांच मिनट में पैक हो गई थी। यही नहीं भीड़ के कारण कुछ यात्री चढ़ नहीं सके जिसके चलते बार-बार जंजीर खींची जा रही थी, जिससे ट्रेन के प्रस्थान में देरी भी हुई थी।
इनका कहना है
भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा ट्रेने चलाई जा रही है। जिससे रेगुलर ट्रेनों में कुछ हद तक भीड़ कम हो रही है।
हर्षित श्रीवास्तव, सीपीआरओ, पश्चिम मध्य रेल
