
मंदसौर। अवैध शराब के परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 92 पेटी देशी शराब एवं बीयर से भरा एक पिकअप वाहन जब्त किया है। पुलिस ने मामले में वाहन मालिक को गिरफ्तार कर शराब के स्रोत सहित अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार 2 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर दलौदा पुलिस ने ग्राम नईखेड़ी से टोलखेड़ी मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान सफेद रंग का पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-14-जेडएफ-1579 आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक वाहन सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों के रास्ते फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 30 पेटी देशी प्लेन शराब तथा माउंट 6000 सुपर स्ट्रांग बीयर कैन की 62 पेटियां मिलीं। कुल 1014 बल्क लीटर अवैध शराब की कीमत 3 लाख 17 हजार 856 रुपए बताई गई है। वहीं करीब 10 लाख रुपए कीमत का पिकअप वाहन भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 13 लाख 17 हजार 856 रुपए का मशरूका पुलिस ने जब्त किया है।विवेचना के दौरान वाहन दलौदा निवासी नियाज पिता अफजल खां मेव के नाम पर होना पाया गया। पुलिस ने वाहन मालिक नियाज को गिरफ्तार कर अवैध शराब के स्रोत एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दलौदा उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी एवं पुलिस टीम ने की। कार्रवाई में सउनि कैलाश बघेल, प्रधान आरक्षक दीपेन्द्रसिंह, आरक्षक युवराजसिंह, सुनील यादव एवं चालक मुकेश नैन की सराहनीय भूमिका रही।
